फ्रांस के पेरिस में मुस्लिम मस्जिदों के बाहर सूअर का सिर मिला।
फ्रांस के पेरिस में कई मुस्लिम मस्जिदों के बाहर सूअर के सिर मिलने की खबर सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि मुसलमानों का अपमान करने के उद्देश्य से सूअर के सिर मस्जिदों के पास रखे गए थे। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पेरिस की चार मस्जिदों और आस-पास के क्षेत्रों की पांच मस्जिदों में सूअर के सिर पाए गए हैं।
इस्लाम धर्म में सूअर को अपवित्र माना जाता है। मिली जानकारी के अनुसार, पाए गए सूअर के सिरों में से पाँच पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का नाम नीले रंग से लिखा हुआ था। माना जा रहा है कि यह घटना मैक्रों के फिलिस्तीन समर्थक रुख और मुस्लिम समुदाय से उन्हें मिल रहे समर्थन को लेकर नाराज़गी का परिणाम हो सकती है।
पेरिस पुलिस प्रमुख लॉरेंट नुनेज़ ने इस घटना को “घृणित कृत्य” करार दिया और बताया कि नफरत फैलाने वाली गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
फ्रांस यूरोपीय संघ में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश है, और इज़राइल तथा अमेरिका के बाहर सबसे बड़ी यहूदी आबादी भी फ्रांस में ही रहती है।